नेपाल में बाढ़ से तबाही, 105 भारतीय पर्यटकों समेत 384 लोग लापता; हेल्पलाइन नंबर जारी

Nepal Flood: नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों से लापता 384 यात्रियों में 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। इनमें कम से कम 105 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में अब तक 46 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से अचानक आया। हालात को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने आपात बैठक बुलाई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

रसुवा में सबसे ज्यादा तबाही

बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आने के बाद रसुवा जिले के टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके इसकी चपेट में आ गए। बाढ़ के तेज बहाव में कई घर और बाजार तबाह हो गए। तीन पुलिस चौकियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज पानी में गाड़ियां और अन्य सामान बह गए, जबकि एक पुल भी टूट गया। रसुवा में एक हाइड्रोपावर परियोजना को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जिले में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, 32 पुलिसकर्मियों समेत 25 से ज्यादा श्रद्धालुओं के लापता होने की जानकारी है। कस्टम कार्यालय के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं। रसुवा के पास नुवाकोट में त्रिशूली नदी के किनारे से तीन शव बरामद किए गए हैं।

384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी

नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों में मौजूद या वहां से गुजर रहे पर्यटकों और यात्रियों की तलाश की जा रही है। पर्यटन और यात्रा कंपनियों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर 384 यात्रियों के लापता होने की बात सामने आई है। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक हैं। टूरिज्म बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और स्थानीय अधिकारी ट्रैवल एजेंसियों, गाइडों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं।

नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

बाढ़ में फंसे पर्यटकों और उनके परिजनों की मदद के लिए नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

  • टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर: 1234
  • हॉटलाइन नंबर: 1144
  • टूरिस्ट पुलिस: 9851289445

भारतीय नागरिकों की मदद के लिए नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने भी आपातकालीन नंबर जारी किए हैं:

  • +977 985 131 6807
  • +977 970 910 7500

रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना के हेलीकॉप्टर तैनात

बाढ़ से पैदा हुए हालात के बाद नेपाल की सेना को राहत और बचाव अभियान में लगाया गया है। नेपाल आर्मी ने त्रिशूली नदी के आसपास सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए हेलीकॉप्टर भेजे हैं। इमरजेंसी मेडिकल रेस्क्यू टीम के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर भी अभियान में लगाया गया है। रसुवा और आसपास के इलाकों में नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की तैनाती की गई है। बचाव दल लापता लोगों की तलाश के साथ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने में जुटे हैं।

हाइड्रो प्रोजेक्ट और हाईवे भी प्रभावित

नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के मुताबिक, बाढ़ से उसके छह बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट और ट्रांसमिशन लाइन को नुकसान पहुंचा है। कई हाईवे भी बंद कर दिए गए हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने और राहत अभियान चलाने में दिक्कतें आ रही हैं। नेपाल सरकार और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, भारतीय पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय दूतावास भी संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी जुटाने में मदद कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *