दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, केरल के आठ जिलों में 204 मिमी से ज्यादा बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के चलते गुजरात, असम, ओडिशा और केरल के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

दिल्ली समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और केरल के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल-माहे, लक्षद्वीप और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश का अनुमान है।

5 से 6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 5 से 10 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बिहार और झारखंड में 8 अगस्त तक बारिश हो सकती है। ओडिशा में 5-6 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट

केरल में अगले 24 घंटे मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है। पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 204 मिमी से अधिक बारिश होने की संभावना है।

वहीं, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है।

ओडिशा, गुजरात और असम में बाढ़ जैसे हालात

लगातार बारिश ने कई राज्यों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। केरल, ओडिशा, असम और गुजरात के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं। केरल में 1 अगस्त से लगातार हो रही बारिश से जुड़ी घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग लापता और 10 घायल बताए गए हैं। 4 अगस्त तक 52 मकान पूरी तरह तबाह हुए हैं, जबकि 565 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। बाढ़ के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

ओडिशा में जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर के कई गांवों में अब भी बाढ़ का पानी जमा है। बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। राज्य में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गुजरात के भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *