जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। शोपियां जिले के चनापोरा इलाके में हुए एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के खतरनाक कमांडर जाकिर गनी को मार गिराया गया है।
कैसे हुई कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, शोपियां में शनिवार से ही सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चल रहा था। सेना को आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी। बुधवार को चनापोरा इलाके में गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने के बाद सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की SOG ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया। मुठभेड़ में लश्कर कमांडर जाकिर गनी मारा गया। मौके से उसका शव बरामद कर पहचान की गई।
कौन था जाकिर गनी
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मारा गया आतंकी जाकिर गनी कुलगाम का रहने वाला था। उसने 2024 में लश्कर-ए-तैयबा ज्वाइन किया था। सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में उसे A+++ कैटेगरी का आतंकी घोषित किया गया था। इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स के अनुसार, वह किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
हथियारों का जखीरा बरामद
एनकाउंटर वाली जगह से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। बरामदगी से पता चलता है कि आतंकी बड़े हमले की साजिश रच रहा था।
ऑपरेशन अभी जारी
शोपियां के सैदापोरा गांव में एंटी-टेरर ऑपरेशन अब 5वें दिन में प्रवेश कर गया है। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई अन्य आतंकी छिपा न हो।
इस सफलता पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने X हैंडल पर लिखा: “आप भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते! SOG शोपियां ने RR और CRPF के साथ मिलकर चलाए गए एक जॉइंट ऑपरेशन में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया।”
सुरक्षाबलों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।