केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने छात्राओं को वितरित कीं साइकिलें, 1000 का रखा लक्ष्य

करनाल: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को गांव नौलथा में अंत्योदय फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गरीब और जरूरत मंद छात्राओं को स्कूल जाने के लिए साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान 276 स्कूलों की छात्राओं को साइकिल दी गई।

कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों और छात्राओं ने केंद्रीय मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। मंच से मनोहर लाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज की तरक्की की सबसे बड़ी सीढ़ी है। गरीब परिवार की बेटियों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत न हो इसलिए अंत्योदय फाउंडेशन के माध्यम से यह अभियान चलाया जा रहा है।

पहले भी 500 साइकिलें दे चुके

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि इससे पहले भी फाउंडेशन द्वारा 500 साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। अब 1000 साइकिल वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य पूरा होने के बाद भी कोई गरीब परिवार की बच्ची वंचित रह जाती है और उसे साइकिल की जरूरत है तो उसे भी साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी गरीब बच्चे की पढ़ाई संसाधनों के अभाव में नहीं रुकनी चाहिए।

गांवों में खुलेंगे कंप्यूटर सेंटर और लाइब्रेरी

मंत्री ने कहा कि सिर्फ साइकिल वितरण ही नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए गांव-गांव में कंप्यूटर सेंटर खोले जा रहे हैं। साथ ही गांवों में लाइब्रेरी भी बनाई जा रही हैं ताकि छात्र पढ़ाई के लिए एक बेहतर माहौल पा सकें।

कार्यक्रम के दौरान मनोहर लाल ने स्किल डेवलपमेंट के लिए 3 नए सेंटरों का उद्घाटन भी किया। इनमें एक सिलाई सेंटर, एक ब्यूटी पार्लर सेंटर और एक कंप्यूटर सेंटर शामिल है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से गांव की महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

जुनैद गांव के पानी विवाद पर बोले मंत्री

इस मौके पर जुनैद गांव में पानी की समस्या को लेकर चल रहे विवाद के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इसमें लगी हुई है और जल्द ही इसका कोई ठोस रास्ता निकलेगा। देखने वाली बात होगी कि समाधान किस रूप में सामने आता है।

कार्यक्रम में अंत्योदय फाउंडेशन के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल प्राचार्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण व छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *