सिवानी, भिवानी: सिवानी की ऐतिहासिक कर्मभूमि पर आयोजित “खादी रोजगार उत्सव” में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर से आए कारीगरों का स्वागत किया। CM सैनी ने कहा कि कारीगर भाइयों के बीच आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। यह उत्सव खादी को नई पहचान देने के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने का बड़ा मंच है।
879 कारीगरों को मिलीं 3552 आधुनिक मशीनें
कार्यक्रम के दौरान ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत प्रदेश के 879 कारीगरों को 3552 आधुनिक मशीनें एवं टूल किट्स वितरित की गईं। CM सैनी ने कहा कि ये मशीनें कारीगरों की उत्पादकता बढ़ाएंगी और उनके उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार लाएंगी। पारंपरिक कारीगरी को आधुनिक तकनीक से जोड़ना ही असली आत्मनिर्भरता है। लाभार्थी कारीगरों ने सरकार का आभार जताया।
504 करोड़ की सब्सिडी से बढ़ेगा स्वरोजगार
CM सैनी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 504 करोड़ 68 लाख रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी भी जारी की। उन्होंने कहा कि यह राशि प्रदेश में स्वरोजगार और उद्यमिता को नई मजबूती देगी। युवा अब नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनेंगे। सरकार का लक्ष्य हर हाथ को काम देना है।
‘खादी फॉर नेशन’ मंत्र को जमीन पर उतारा
CM सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें ‘खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन और खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन’ का मंत्र दिया है। सिवानी का यह खादी रोजगार उत्सव उसी मंत्र को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है। खादी अब केवल कपड़ा नहीं, बल्कि रोजगार और सम्मान का प्रतीक बन चुकी है।
इस अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार सहित कई सम्मानित अतिथि, जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं कारीगर मौजूद रहे। CM सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार कारीगरों के कल्याण और खादी उद्योग के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।