पंचकूला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बन चुके हैं। हरियाणा की पौने 3 करोड़ जनता की ओर से उनका अभिनंदन।
“राष्ट्र चेतना के जागरण का युग”
सीएम सैनी ने कहा कि ये 12 साल राष्ट्र की चेतना के जागरण, वैश्विक पटल पर भारत की शक्तिशाली पहचान और सांस्कृतिक विरासत के उत्थान का युग है। यह सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय बना है। पीएम मोदी ने हर योजना अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई। देश ने तुष्टिकरण छोड़कर संतुष्टीकरण और अंत्योदय के नए युग में प्रवेश किया।
“ऐतिहासिक निर्णयों से बदली तस्वीर”
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में स्पेस टेक्नोलॉजी की रफ्तार तेज हुई। भारत संभावनाओं से उपलब्धियों वाला देश बना। गरीब कल्याण सरकार का केंद्र बिंदु रहा। 2014 के बाद 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए। 4 करोड़ से अधिक आवास बने। EWS को 10% आरक्षण दिया गया। यूपीआई से भारत डिजिटल भुगतान में दुनिया का लीडर बना।
“युवा और नारी शक्ति को मिली उड़ान”
स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया से युवा सशक्त हुए। 10,000 से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब बनीं। सेना, सैनिक स्कूलों और NDA में महिलाओं की भागीदारी नारी शक्ति के सम्मान का प्रमाण है। कृषि को लाभकारी बनाने के लिए इंफ्रा, सिंचाई और आधुनिक तकनीक पर जोर दिया गया।
“हरियाणा को मिलीं बड़ी सौगात”
सीएम सैनी ने कहा हरियाणा पीएम मोदी की कर्मभूमि है। वे 17 बार हरियाणा आए और बड़ी परियोजनाएं दीं। डबल इंजन सरकार ने विकास के कई रिकॉर्ड बनाए। तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्गों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए। दयालु योजना में 74,245 परिवारों को 2800 करोड़ से ज्यादा की मदद दी गई। अग्निवीर शहीद के परिवार को 1 करोड़ देने का प्रावधान किया।
“किसान-बहन-बेटियों के लिए बड़े फैसले”
हरियाणा इकलौता राज्य है जहां किसानों की सभी 24 फसलों की MSP पर खरीद हो रही है। सभी तहसीलों में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री ऑनलाइन हुई। बहन-बेटियों के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की। राज्य में करीब 3 लाख करोड़ का निवेश आया। हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर के लिए उड़ानें शुरू हुईं। KMP-KGP एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू हुआ।
“विकसित भारत 2047 हमारा संकल्प”
सीएम सैनी ने कहा कि विकसित भारत 2047 सिर्फ सरकार नहीं, 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। पीएम के 12 साल बताते हैं कि स्पष्ट नेतृत्व, साफ नीयत और राष्ट्रहित सर्वोपरि होने से असंभव लक्ष्य भी हासिल होते हैं। उन्होंने सब से पीएम मोदी के हाथ मजबूत करने और नए भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।