नई दिल्ली: विपक्षी INDIA गठबंधन की बैठक के बाद अब सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) भी बुधवार को दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करेगा। NDA की अहम बैठक कल दोपहर 3 बजे भारत मंडपम में होगी। इसमें बीजेपी समेत सभी घटक दलों के शीर्ष नेता, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।
12 साल का जश्न और आगे का रोडमैप
बैठक का मुख्य फोकस मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाना और भविष्य की रणनीति बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार ने जून 2026 में सत्ता में 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा किया है। 26 मई 2014 को पहली बार शपथ लेने वाले PM मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार पद संभाला था।
9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन पूरे हुए। इसके साथ ही उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर PM पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा है। नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक कुल 6,130 दिन PM रहे, लेकिन 1952 में पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित PM के तौर पर उनका कार्यकाल 4,397 दिन का था।
NDA बैठक के कारण NCP ने बदला कार्यक्रम
NDA की बैठक के कारण राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने अपना 27वां स्थापना दिवस टाल दिया है। NCP प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि 10 जून को होने वाला कार्यक्रम अब 11 जून को मुंबई के षण्मुखानंद हॉल में दोपहर 2 बजे होगा। दिल्ली की बैठक में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार शामिल होंगी।
अजित पवार के निधन के बाद NCP पहली बार
स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी ने इस बार ‘समर्पण, संघर्ष और संकल्प’ थीम रखी है। तटकरे ने कहा कि यह समारोह अजित पवार की स्मृति को समर्पित होगा। उनकी मृत्यु के बाद सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री के रूप में संगठन संभाला है। बैठक में केंद्र की योजनाओं, राज्यों से तालमेल और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा संभव है।