नारनौल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नारनौल में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ की वीर भूमि को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महेंद्रगढ़ की इस ऐतिहासिक और वीर भूमि नारनौल में आना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। यह वह धरा है जिसने हर संकट के समय देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने वीर सपूतों की आहुति दी है।
‘नमो कमल’ नाम से गर्व
भाजपा के भव्य, आधुनिक और सुसज्जित जिला कार्यालय के उद्घाटन पर खुशी जताते हुए सीएम ने पूरे जिले के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि इस जिला कार्यालय को ‘नमो कमल’ नाम दिया गया है। यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक कल्याणकारी विजन और संगठन की रीति नीति को जन-जन तक पूरी ऊर्जा के साथ पहुंचाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के दम पर शून्य से शिखर तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां बूथ पर पोस्टर लगाने वाला कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद तक पहुंच सकता है। शून्य से शिखर तक की यात्रा कार्यकर्ताओं के पसीने, अथक परिश्रम और अटूट तपस्या के बल पर तय हुई है। आज यह पार्टी 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि केंद्र और हरियाणा में भाजपा को लगातार तीसरी बार जन सेवा का दायित्व मिला है।
अहीरवाल में विकास कार्यों का जिक्र
सीएम सैनी ने कहा कि अहीरवाल की इस भूमि ने हमेशा से भाजपा पर भरपूर आशीर्वाद बरसाया है। आज नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है और लॉजिस्टिक हब का निर्माण हो रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
कार्यालय का उद्देश्य बताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना है। हमें समाज के हर वर्ग के साथ सीधे संवाद की कड़ियों को और मजबूत करना है। यह जिला कार्यालय आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रवाद की प्रेरणा का केंद्र बनेगा।