कुरुक्षेत्र से सोमनाथ दर्शन के लिए सीएम नायब सैनी ने विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

Nayab Singh Saini, CM

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में सवार सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

‘यह मेरा परम सौभाग्य’

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरती से सोमनाथ दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को रवाना करना उनका परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की धैर्य, आस्था और स्वाभिमान की गाथा है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी दिन हरियाणा के पेहोवा स्थित अरुणाय संगमेश्वर महादेव मंदिर में भी यह पर्व बड़े भव्य ढंग से मनाया गया।

तीर्थ स्थलों से जुड़ रहा भारत

सीएम सैनी ने कहा कि आज चार धाम परियोजना, प्रसाद योजना और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से देश भर के तीर्थ स्थलों का विकास हो रहा है। इन योजनाओं के जरिए भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों से फिर से जुड़ रहा है। सोमनाथ के लिए यह विशेष ट्रेन भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है।

पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 11 मई 1951 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का उद्घाटन किया था। आजादी के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण को 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसी उपलक्ष्य में देश भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है, जो जनवरी 2027 तक चलेगा।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ

सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक अभाव के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई गई है। इस योजना के तहत पहले भी अयोध्या धाम और प्रयागराज के लिए विशेष बसें भेजी गई हैं। 28 मार्च को अंबाला से अयोध्या धाम के लिए विशेष तीर्थ ट्रेन और श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए कुरुक्षेत्र तथा सिरसा से दो ट्रेनें रवाना की जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए रेलवे विभाग और सभी अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि भगवान सोमनाथ के समक्ष पूरे हरियाणा और पूरे भारत की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *