भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान जापान को 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। यह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत का तीसरा गोल्ड है।
आशीष तानी की हैट्रिक से मिली जीत
फाइनल में टीम इंडिया ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। दूसरे मिनट में ही आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। आशीष यहीं नहीं रुके। उन्होंने 28वें और 34वें मिनट में दो और गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। कप्तान केतन कुशवाहा ने 30वें मिनट में एक गोल किया। जापान की टीम पूरे मैच में सिर्फ एक गोल कर सकी।
PM मोदी ने दी बधाई, हॉकी इंडिया का इनाम
टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा, “U-18 एशिया कप 2026 जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन टीम वर्क दिखाया। यह जीत युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।”
हॉकी इंडिया ने भी जीत का जश्न मनाते हुए इनाम का ऐलान किया। गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
महिला टीम ने जीता कांस्य
पुरुष टीम के साथ भारतीय महिला U-18 टीम ने भी कमाल किया। कांस्य पदक के मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। हॉकी इंडिया ने महिला टीम के हर खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।