नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 5 जून 2026 को गुजरात और केंद्रशासित प्रदेश दमन का दौरा करेंगे। इस एक दिवसीय दौरे में वे सूरत, दमन और लक्षद्वीप के लिए 22,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सूरत को मिलेंगे 18,800 करोड़ के प्रोजेक्ट
PM मोदी दोपहर 2:30 बजे सूरत के हजीरा पहुंचेंगे। यहां वे चल रही औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम 4:15 बजे ₹18,800 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
एक्सप्रेसवे और हाईवे पर फोकस
8-लेन वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज VI और VII को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। साथ ही NH-56 के फोर-लेनिंग कार्य का शिलान्यास होगा। इससे आदिवासी इलाकों की कनेक्टिविटी सुधरेगी और Statue of Unity तक पहुंच आसान होगी।
स्वास्थ्य और बिजली सेक्टर को बूस्ट
सूरत में 220 बेड वाले अत्याधुनिक ESIC अस्पताल का उद्घाटन होगा। गुजरात में इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम के तहत बिजली नेटवर्क का विस्तार होगा। वलसाड में बिजली वितरण सुधरेगा। दहेज PCPIR, सारीगाम GIDC में वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट और जंबूसर बल्क ड्रग पार्क की सुविधाएं भी शुरू होंगी।
दमन में 2,970 करोड़ के विकास कार्य
शाम 6:15 बजे PM मोदी दमन पहुंचेंगे। यहां वे ₹1,340 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और ₹1,630 करोड़ की नई परियोजनाओं की नींव रखेंगे।
NAMO एयरपोर्ट और अस्पताल की शुरुआत
नए NAMO एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन से दमन की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी। NAMO अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। यह अस्पताल रोजाना 1,500 OPD मरीजों का इलाज कर सकेगा।
पर्यटन और शिक्षा को बढ़ावा
दमन में आइकॉनिक ब्रिज, कन्वेंशन सेंटर और NIFT कैंपस का शिलान्यास होगा। इन प्रोजेक्ट से टूरिज्म, निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे।
लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ के पोर्ट
PM मोदी लक्षद्वीप में 4 बंदरगाह परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कलपेनी और कदमत द्वीप पर बनने वाले इन पोर्ट में 300 मीटर तक लंबे क्रूज जहाज सालभर खड़े हो सकेंगे। यहां कार्गो, फिशिंग, फ्यूल, बर्फ सप्लाई और बोट रिपेयर की एकीकृत सुविधा मिलेगी।
इन परियोजनाओं से गुजरात, दमन-दीव और लक्षद्वीप में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन और रोजगार को बड़ी मजबूती मिलेगी।