चंडीगढ़: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में तय किया गया कि इस बार का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। CM ने अधिकारियों को आयोजन को सफल बनाने के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भारत सरकार ने इस वर्ष “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम तय की है। इसी थीम पर आधारित कार्यक्रम प्रदेशभर में चलाए जाएंगे। CM ने जोर देकर कहा कि योग को केवल शहरों तक सीमित न रखकर जिला, उपमंडल, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाना है। लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक योग से जुड़े और इसके लाभ उठाए। इसके लिए स्कूल, कॉलेज, पार्क और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
योग को मिला वैश्विक सम्मान
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से ही योग को आज पूरे विश्व में महत्वपूर्ण पहचान और सम्मान मिला है। 21 जून 2015 को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था और आज 190 से ज्यादा देश इसे अपना रहे हैं। हरियाणा सरकार भी PM के विजन के अनुरूप काम कर रही है। CM ने कहा कि हमारी सरकार युवा पीढ़ी को देश की प्राचीन योग परंपरा से जोड़कर स्वस्थ भारत और स्वस्थ हरियाणा के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर होते हैं।
तैयारियों की समीक्षा
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। बताया गया कि पंचकूला के मुख्य कार्यक्रम के अलावा सभी 22 जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। आयुष विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। स्कूल शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और पंचायत विभाग मिलकर काम करेंगे। योग प्रशिक्षकों की तैनाती और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर समेत आयुष, शिक्षा और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे