दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत: दिल्ली सरकार ने बनाए 14 कूलिंग जोन, जाने किन लोगों को मिली मदद

cm Rekha Gupta

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी और लू से नागरिकों को बचाने के लिए बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सभी 13 जिलों में मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन के जरिए श्रमिकों, यात्रियों और जरूरतमंदों को गर्मी से बचाया जा रहा है। यह अभियान राजस्व विभाग की देखरेख में चल रहा है।

2.65 लाख लोगों को दी गर्मी से राहत

6 से 23 मई के बीच मोबाइल हीट रिलीफ यूनिटों ने 13 जिलों में लगभग 2.65 लाख लोगों को गर्मी से राहत दी। इस दौरान 1,13,900 लीटर ठंडा पेयजल बांटा गया। हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए 1 लाख से ज्यादा ORS पैकेट दिए गए। साथ ही धूप से बचने के लिए 44,646 गमछे और 30,864 टोपियां भी बांटी गईं।

14 कूलिंग जोन तैयार, हर जोन में 10 वालंटियर

पूरी दिल्ली में कुल 14 कूलिंग जोन बनाए गए हैं। इस सप्ताह हर जिले में ऐसी सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। हर कूलिंग जोन में 10 सिविल डिफेंस वालंटियर्स तैनात हैं जो लोगों की मदद और संचालन देखते हैं।

पुरानी दिल्ली में 5, पूर्वी दिल्ली में 5, उत्तर-पूर्वी, उत्तरी, मध्य-उत्तरी और मध्य जिले में 1-1 कूलिंग जोन है। हर जोन में 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था, ठंडा पेयजल, 5 डेजर्ट कूलर और 5 हाई स्पीड फैन लगाए गए हैं। यहां ORS पैकेट, कैप, गमछे और फर्स्ट एड किट भी मौजूद हैं। ये जोन रिक्शा चालकों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं।

हर नागरिक की सुरक्षा हमारा उद्देश्य

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार का उद्देश्य है। भीषण गर्मी में सरकार पूरी संवेदनशीलता से जमीनी स्तर पर काम कर रही है ताकि किसी को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि मोबाइल यूनिट के वाहनों का स्थान रोज बदला जाता है जिससे ज्यादा भीड़ वाले इलाकों तक राहत पहुंचे। यह अभियान जुलाई तक जारी रहेगा।

सीएम ने कहा कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट और कूलिंग जोन सरकार की जनसेवा की भावना दिखाते हैं। दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। जरूरत पड़ने पर राहत व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में लोगों को अक्सर एक गिलास ठंडा पानी भी आसानी से नहीं मिल पाता। ऐसे में ये सरकारी पहल सही मायने में राहत दे रही है। उन्होंने बताया कि जनता की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक रही है और सरकार लू से नागरिकों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *