फरीदाबाद केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहे।
इलेक्ट्रिक व्हीकल से पहुंचे फरीदाबाद
दोनों नेता इलेक्ट्रिक व्हीकल से दिल्ली से चलकर एक्सप्रेसवे होते हुए फरीदाबाद के सेक्टर-65 पहुंचे। यहां उन्होंने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीन हाईवे के शुरुआती पॉइंट का जायजा लिया।
मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान गडकरी ने NHAI अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 किलोमीटर लंबे इस ग्रीन हाईवे प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। इस हाईवे को मई 2027 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
PM की अपील पर काफिले में EV और CNG बसें
खास बात यह रही कि नितिन गडकरी के काफिले में इलेक्ट्रिक व्हीकल और CNG बसें शामिल थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल बचाने की अपील पर अमल करते हुए दोनों नेताओं ने इलेक्ट्रिक वाहन से यात्रा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
गडकरी ने कहा कि सरकार का फोकस ग्रीन और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पर है। यह हाईवे दिल्ली-NCR में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यात्रा को भी सुगम बनाएगा। जेवर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी से फरीदाबाद और दिल्ली के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा