हरियाणा में 15 जून से शुरू होगा SIR, 22 सितंबर को जारी होगी फाइनल सूची

चंडीगढ़: इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडियाने हरियाणा में वोटर लिस्ट के विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान की शुरुआत करने का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत 15 जून से प्रदेशभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार संशोधित वोटर लिस्ट की अंतिम सूची 22 सितंबर 2026 को जारी होगी।

20 हजार से ज्यादा BLO करेंगे सत्यापन

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी A. Srinivas ने बताया कि इस अभियान के लिए 20,629 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) की तैनाती की गई है। ये अधिकारी 15 जून से 14 जुलाई तक मतदाताओं की जानकारी जुटाने और सत्यापन का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 को पात्रता तिथि तय किया गया है, जबकि 5 जून से 14 जून तक प्रशिक्षण और तैयारी का काम पूरा किया जाएगा।

21 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

चुनाव आयोग के मुताबिक मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और युक्तिकरण की प्रक्रिया 14 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई 2026 को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

18 सितंबर तक होगा निपटारा

दावों और आपत्तियों का निपटारा 21 जुलाई से 18 सितंबर के बीच किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर 22 सितंबर 2026 को वोटर लिस्ट की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

चंडीगढ़ में भी चलेगा अभियान

चुनाव आयोग ने चंडीगढ़ में भी विशेष गहन संशोधन अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यहां SIR की पात्रता तिथि 1 जुलाई 2026 रखी गई है। वर्तमान में चंडीगढ़ में 614 मतदान केंद्रों पर करीब 5.18 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव आयोग ने प्रदेश के लोगों से इस अभियान में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *