Haryana: नगर निकाय चुनावों में जीती भाजपा, सीएम सैनी ने केंद्र और राज्य की नीतियों का बताया परिणाम

Haryana: हरियाणा के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कई नगर निगमों और नगर परिषदों में जीत हासिल की है। इस जीत को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया है। पंचकूला, अंबाला, सोनीपत और रेवाड़ी जैसे अहम शहरी निकायों में भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिली है।

पंचकूला में भाजपा ने जीते 20 में 17 वार्ड

पंचकूला नगर निगम में भाजपा ने मेयर पद पर कब्जा जमाने के साथ 20 में से 17 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं अंबाला नगर निगम में पार्टी ने मेयर सीट के अलावा 20 में से 16 वार्डों में सफलता हासिल की। सोनीपत में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने मेयर पद पर जीत दर्ज की, जबकि कई वार्डों में भी पार्टी उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई।

प्रदेश भर की 110 में से 68 सीटों पर कब्जा

प्रदेशभर में हुए निकाय चुनावों में भाजपा ने कुल 110 वार्डों में से 68 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस सीमित सीटों पर ही सिमटकर रह गई। इसके अलावा नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का प्रदर्शन मजबूत रहा। रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला और धारूहेड़ा नगर पालिकाओं में भी भाजपा को जीत मिली है।

सैनी ने नागरिकों का जताया आभार

चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत विकास, सुशासन, पारदर्शिता और “ट्रिपल इंजन सरकार” की सोच की जीत है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहरी क्षेत्रों में सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। भाजपा नेताओं का मानना है कि निकाय चुनावों में मिली यह सफलता आगामी राजनीतिक मुकाबलों में भी पार्टी का मनोबल बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *