सोमनाथ यात्रा के लिए दिल्ली सरकार की बड़ी पहल, 1300 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से होंगे रवाना

cm Rekha Gupta

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–सोमनाथ यात्रा” के तहत राजधानी के 1300 श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के दर्शन कराने के लिए विशेष ट्रेन चलाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए इसे एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहल बताया।

30 अप्रैल को रवाना होगी विशेष ट्रेन

मुख्यमंत्री ,ने कहा विशेष ट्रेन 30 अप्रैल को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह सोमनाथ पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु 1, 2 और 3 मई को बाबा सोमनाथ के दर्शन करेंगे और विधिवत पूजा-अर्चना में भाग लेंगे।

आसपास के मंदिरों के भी दर्शन

इस यात्रा में केवल सोमनाथ मंदिर ही नहीं, बल्कि आसपास स्थित अन्य प्रमुख मंदिरों के दर्शन का भी कार्यक्रम रखा गया है। इससे श्रद्धालुओं को व्यापक धार्मिक अनुभव प्राप्त होगा और वे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित हो सकेंगे।

आस्था और संस्कृति से जुड़ने का अवसर

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह लोगों को अपनी जड़ों, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जोड़ने का एक पावन अवसर है। उन्होंने सोमनाथ धाम को भगवान शिव की अनंत कृपा, अटूट आस्था और भारत की अमर सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।

‘स्वाभिमान पर्व’ के तहत आयोजन

उन्होंने बताया कि यह पहल “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जो हजार वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है। इसका उद्देश्य लोगों में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था गुजरात सरकार द्वारा की जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि यात्रा सुचारु और सुरक्षित रहे।

सरकार की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में आध्यात्मिकता, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने आशा जताई कि सोमनाथ की कृपा से सनातन मूल्यों का प्रकाश और अधिक फैलेगा तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *