राष्ट्रपति मुर्मू ने राउरकेला में 158 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ, बोलीं- सभी वर्गो की भागीदारी जरूरी

राउरकेला: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में 158 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि देश का समग्र विकास समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाएं और आदिवासी समुदाय, की प्रगति से ही संभव है। इससे पहले झारसुगुड़ा स्थित वीर सुरेंद्र साई हवाई अड्डे पर राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राउरकेला पहुंचने पर उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया और छात्रों से बातचीत की। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम भी उपस्थित रहे

एक दिवसीय दौरे पर राउरकेला पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू ने तारामंडल एवं विज्ञान केंद्र, निर्मल मुंडा परिवेश पथ, आदिवासी संग्रहालय और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं को क्षेत्रीय विकास और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

महिलाओं का सशक्त होना है जरूरी

आदिवासी बहुल क्षेत्र में आयोजित ‘आदि परबा-2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की आधी आबादी महिलाएं हैं और 2047 तक ‘विकसित भारत’ तथा 2036 तक ‘समृद्ध ओडिशा’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है।

आदिवासी और महिला सशक्तीकरण पर जोर

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें आदिवासी कल्याण और महिला सशक्तीकरण के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही हैं, जिससे सुंदरगढ़ जैसे क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है। आदिवासी समुदायों के आर्थिक उत्थान को प्राथमिकता दी जा रही है।

समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी

राष्ट्रपति ने कहा, “अच्छे इंसान बनो और पिछड़े हुए लोगों के उत्थान के लिए प्रयास करो।” उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब किसान, मजदूर, आदिवासी, युवा, छात्र और सभी वर्ग मिलकर योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सुंदरगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति, विरासत, साहसी व्यक्तियों और खेल प्रतिभाओं की सराहना की और इसे राज्य की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *