अंबाला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अंबाला से अयोध्या के लिए विशेष तीर्थ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को यात्रा के शुभारंभ पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह दिन पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण है।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि अंबाला की पावन धरा से भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के लिए यह विशेष ट्रेन आज रवाना हो रही है। उन्होंने कहा, “अयोध्या की यात्रा केवल एक भौतिक सफर नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक परिवर्तन की यात्रा है।”
तीर्थ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज पहली ट्रेन से 7 जिलों के 700 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को भेजा जा रहा है। उनके लिए खानपान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सैनी ने कहा, “हमारी सरकार का संकल्प है कि हमारे बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालु धन की स्थिति के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित न रहें। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले कैथल, करनाल, अंबाला और जींद से बसें भी अयोध्या के लिए रवाना की गई थीं।
तीर्थ यात्रियों के लिए वित्तीय सहायता और अन्य योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने विभिन्न तीर्थ यात्रा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा:
- स्वर्ण जयंती सिंधु दर्शन योजना के तहत तीर्थ यात्रियों को मां सिंधु नदी के दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा योजना के तहत प्रति तीर्थ यात्री 50,000 रुपये वार्षिक वित्तीय सहायता दी जाती है।
- स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन योजना के तहत तीर्थ यात्रियों को प्रति यात्री 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।सीएम सैनी ने कहा, “यह ट्रेन केवल यात्रियों को लेकर नहीं जा रही, बल्कि हरियाणा की श्रद्धा और भक्ति को अयोध्या तक पहुंचाने का एक सेतु है।”