US lifts Iran oil sanctions: हाल ही में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच संभावित तनाव की खबरों के कारण तेल की कीमतें बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार से आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कच्चे तेल की कीमतों में जल्द ही गिरावट देखने को मिल सकती है।
अमेरिका का बड़ा कदम
दरअसल, अमेरिका ईरानी तेल पर लगाए गए प्रतिबंध हटाने की तैयारी कर रहा है। इससे वैश्विक तेल सप्लाई बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव कम होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार समुद्र में फंसे करीब 140 मिलियन बैरल ईरानी तेल को बाजार में लाने की योजना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से अगले 10 से 14 दिनों तक तेल की कीमतों को नियंत्रित रखा जा सकेगा।
रूस के तेल की सप्लाई भी बढ़ी
पिछले कुछ समय से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद रहने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई थी, जिससे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई थीं। ऐसे में अमेरिका का यह फैसला तेल बाजार के लिए अहम साबित हो सकता है। इसके अलावा, अमेरिका पहले ही रूसी तेल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाने की अनुमति दे चुका है। इसके बाद भी वैश्विक सप्लाई बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
आम जनता को मिल सकती है राहत
विशेषज्ञों का कहना है कि इन फैसलों के चलते आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आम जनता के लिए राहत देखने को मिल सकती है। अगर योजनाएं सफल रहीं, तो तेल की बढ़ती कीमतों का दबाव कम होगा और महंगाई को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।