UP Cabinet Land Approval: (लखनऊ): उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को अयोध्या में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि अंतरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत होगा निर्माण
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत विकसित किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, अयोध्या जिले में लगभग 2,500 वर्ग मीटर भूमि को अयोध्या नगर निगम को अंतरित किया जाएगा। यह भूमि कुछ शर्तों के तहत नगर निगम को निःशुल्क आवंटित की जाएगी।
भूमि अंतरण प्रक्रिया और मंजूरी
भूमि अंतरण का प्रस्ताव अयोध्या के जिलाधिकारी द्वारा नगर आयुक्त के अनुरोध पर सरकार को भेजा गया था। कैबिनेट ने इसे स्वीकृति देते हुए कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से न केवल स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में अवसर मिलेंगे, बल्कि अयोध्या की खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से अयोध्या में खेल सुविधाओं का विकास होगा और यह जिले के सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों को भी सशक्त बनाएगी।