केंद्रीय कैबिनेट में कई अहम फैसले: इंटरनेशनल बनेगा, मदुरै एयरपोर्ट, 2028 तक बढ़ा जल जीवन मिशन

Union Cabinet Decision (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही सरकार ने जल जीवन मिशन को दिसंबर 2028 तक बढ़ाने का फैसला भी किया है।

मंत्री ने बताया कि कैबिनेट ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े परियोजनाओं के लिए कुल मिलाकर करीब 8.8 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है, जिससे बुनियादी ढांचे और ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

जल जीवन मिशन का दायरा बढ़ाया

सरकार ने जल जीवन मिशन के अगले चरण को भी मंजूरी दी है। इस योजना का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक देश के 12.6 करोड़ ग्रामीण घरों तक नल के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। सरकार ने इसके लिए कुल बजट बढ़ाकर लगभग 8.69 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रमुख पहल मानी जाती है।

मदुरै एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा

कैबिनेट ने तमिलनाडु के ऐतिहासिक और धार्मिक शहर मदुरै के हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने का फैसला भी किया है। सरकार का मानना है कि इससे विदेशी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा आसान होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन और निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल और सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी

रेलवे क्षेत्र में सांतरागाछी-खड़गपुर और सैंथिया-पाकुर रेल मार्ग पर चौथी लाइन बिछाने के लिए लगभग 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए बदनावर-थांदला-तिमरवानी (एनएच-752डी) के चार लेन विस्तार और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को फरीदाबाद से जोड़ने वाली एलीवेटेड सड़क परियोजना को भी स्वीकृति दी गई है।

कैबिनेट ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 31.42 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना के लिए 3,630.77 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस परियोजना में करीब 11 किलोमीटर लंबी एलीवेटेड रोड का निर्माण भी शामिल है, जिससे दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लोगों को जेवर एयरपोर्ट तक तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *