India Vs Pak T-20 World Cup: टी-20 अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में महामुकाबला देखने को मिला। भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है। पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बॉलिंग का फैसला किया था।
पहले बल्लेबाजों करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन की भारत के लिए 40 गेंदों पर खेली गई 77 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 7 विकेट खोकर 175 रनों का पाकिस्तान के सामने स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से ओपनिंग को आए अभिषेक शर्मा ने निराश किया और शुरुआती ओवरों में ही शून्य के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिलक वर्मा 21 रन पर और हार्दिक पांड्या पहली ही गेंद पर जीरो के स्कोर पर अपना कैच थमा बैठे। बाद में सूर्य कुमार यादव और शिवम दुबे ने भारत को संभाला।
114 रन ही बना सकी पाकिस्तान की टीम
176 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने जीरो के स्कोर पर पहले ही ओवर में अपना पहला विकेट गंवा दिया। बाकी के बल्लेबाज भी तू चल मैं आता हूँ की तर्ज पर चलते बने। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज़्यादा 44 रनों की पारी खेली । उस्मान के आउट होते ही पाकिस्तान के विकेट पतझड़ की तरह गिरते गए और पूरी टीम 114 रनों के स्कोर पर 18 वें ओवर में ही पवेलियन लौट गई।