India-EU FTA (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह समझौता वैश्विक जीडीपी का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा है। भारतीय ऊर्जा सप्ताह 2026’ को ऑनलाइन संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी को इस ऐतिहासिक समझौते की बधाई दी। उन्होंने कहा, “कल (सोमवार) भारत और यूरोप के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। कूटनीति के लिहाज से इसे अमेरिका के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
‘मदर ऑफ ऑल डील्स’
पीएम मोदी ने कहा कि लोग इस समझौते को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ (सबसे अहम समझौता) कह रहे हैं। इस समझौते से 140 करोड़ भारतीयों के साथ-साथ यूरोपीय नागरिकों के लिए भी कई अवसर उत्पन्न होंगे। मोदी ने इसे दो प्रमुख विश्व अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। बता दें कि यह समझौता तब हुआ है, जब अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगा रखा है। यह डील होने से भारत के लिए व्यापार के नये द्वार खुल गए हैं, जो अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप की रणनीति के लिए ऐतिहासिक झटका है।
ब्रिटेन और ईएफटीए समझौतों का पूरक
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ FTA, ब्रिटेन और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के साथ हुए समझौतों का पूरक होगा। इससे वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला दोनों मजबूत होंगी।
विनिर्माण और सेवा क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि समझौता वस्त्र, रत्न-आभूषण, चमड़ा, जूते-चप्पल जैसे क्षेत्रों से जुड़े युवाओं और सभी सहयोगियों के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह समझौता भारत में विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ सेवा क्षेत्र का विस्तार भी करेगा। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह मुक्त व्यापार समझौता विश्व के हर व्यवसाय और निवेशक का भारत में भरोसा बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सभी क्षेत्रों में वैश्विक साझेदारी पर व्यापक रूप से काम कर रहा है।