President Murmu Manipur visit: (इंफाल): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से मणिपुर का दो दिवसीय दौरा शुरू कर रही हैं। यह राष्ट्रपति बनने के बाद उनका इस संघर्षग्रस्त राज्य का पहला दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे के लगभग तीन महीने बाद उनका यह दौरा हो रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर में लोक भवन के पास मापाल कांगजेइबुंग (इम्फाल पोलो ग्राउंड) में युवा मामले और खेल विभाग द्वारा आयोजित पोलो प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसके बाद वह मणिपुर में वैष्णव धर्म के प्रमुख केंद्र श्री गोविंदाजी मंदिर में प्रार्थना कर सकती हैं। शाम को सिटी कन्वेंशन सेंटर में नागरिक स्वागत समारोह में भाग लेंगी और फिर लोक भवन में विश्राम करेंगी। दौरे के दौरान वह ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ महिलाओं के संघर्ष की स्मृति में आयोजित समारोह में भी शामिल होंगी
सख्त की गई सुरक्षा व्यवस्था
शुक्रवार को राष्ट्रपति मुर्मू नगा बहुल सेनापति जिले में वार्षिक नुपी लान समारोह और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी। नुपी लान स्मारक 1904 और 1939 में महिलाओं द्वारा ब्रिटिश औपनिवेशिक नीतियों के विरोध में किए गए आंदोलनों की याद में बनाया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर, उग्रवादी संगठनों के बंद के आह्वान के चलते इंफाल घाटी में सामान्य जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। बाजार और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे और सड़कों पर वाहन नहीं थे। अधिकारियों ने दौरे के दौरान सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।