(अयोध्या): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि की महिमा का बखान करते हुए कहा कि अयोध्या तब मर्यादा का केंद्र थी और अब यह विकसित भारत का मेरुदंड बनकर उभर रही है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि भविष्य की अयोध्या में पौराणिकता और नूतनता का संगम दिखेगा।
अयोध्या में आध्यात्मिकता और विकास का संगम
प्रधानमंत्री ने कहा, “सरयू की अमृत धारा और विकास की धारा एक साथ बहेगी। यहां आध्यात्मिकता और विकास दोनों का संगम दिखेगा।” उन्होंने बताया कि रामलला का मंदिर परिसर और उसे संवारने का कार्य लगातार जारी है। मोदी ने कहा, “अयोध्या फिर से वह नगरी बन रही है जो दुनिया के लिए उदाहरण बनेगी।”
त्रेता युग से 21वीं सदी तक की प्रेरणा
पीएम मोदी ने कहा त्रेता युग ने मानवता को नीति दी और 21वीं सदी की अयोध्या मानवता को विकास का नया मॉडल दे रही है। उन्होंने अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ से नयी अयोध्या के दर्शन होते हैं। उन्होंने भव्य हवाई अड्डा, शानदार रेलवे स्टेशन और वंदे भारत-अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें का भी हवाला दिया, जो शहर को देश से जोड़ रही हैं।
अयोध्या में समृद्धि और आर्थिक परिवर्तन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अयोध्या वासियों के जीवन में समृद्धि लाने के लिए लगातार काम हो रहा है। वर्ष 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 45 करोड़ श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं, जिससे अयोध्या और आसपास के इलाकों में आर्थिक परिवर्तन आया है।
भारत की अर्थव्यवस्था में विकास और प्रेरणा
पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या कभी विकास के पैमाने पर बहुत पीछे थी, लेकिन आज यह राज्य के अग्रणी शहरों में से एक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वह दिन दूर नहीं जब यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस विकास यात्रा में भगवान राम के विचार हमारी प्रेरणा बनेंगे।