PM Narendra Modi Bhutan visit: (थिम्पू):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भूटान की राजधानी थिम्पू में आयोजित वैश्विक शांति प्रार्थना उत्सव के दौरान प्रतिष्ठित ‘कालचक्र एम्पॉवरमेंट’ (व्हील ओएफ टाइम एम्पावरमेंट) समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और पूर्व नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक भी उपस्थित थे।
जे खेनपो की अध्यक्षता में हुआ अनुष्ठान
यह पवित्र समारोह भूटान के सर्वोच्च बौद्ध धर्मगुरु जे खेनपो की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिससे इस आयोजन का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया। ‘कालचक्र एम्पॉवरमेंट’ बौद्ध परंपरा का एक प्रमुख अनुष्ठान माना जाता है, जो शांति, करुणा और विश्व कल्याण के संदेश को प्रसारित करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने साझा की भावना
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा भूटान के महामहिम नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और महामहिम चौथे द्रुक ग्यालपो जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के साथ ‘कालचक्र व्हील ऑफ टाइम एम्पॉवरमेंट’ का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। यह आयोजन भूटान और भारत की साझा आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है।”
वैश्विक महत्व का आयोजन
पीएम मोदी ने कहा कि ‘कालचक्र एम्पॉवरमेंट’ समारोह का बौद्ध समुदाय के लिए विश्वभर में अत्यंत सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह कार्यक्रम चल रहे वैश्विक शांति प्रार्थना उत्सव का हिस्सा है, जिसने भूटान में विभिन्न देशों के बौद्ध श्रद्धालुओं और विद्वानों को एक साथ लाया है।