Faridabad RDX recovery: जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र फरीदाबाद से 300 किलोग्राम RDX, एक AK-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। यह कार्रवाई कश्मीर के एक डॉक्टर आदिल अहमद राथर की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद की गई, जिसने सुरक्षा एजेंसियों के सामने आतंकी नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अहमद राथर से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। डॉ. राथर ने बताया कि उसने विस्फोटक सामग्री और हथियारों को फरीदाबाद के एक ठिकाने पर छिपाया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने छापेमारी अभियान चलाया और वहां से 300 किलो RDX, एक AK-47 राइफल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी पिछले कई वर्षों में देश में विस्फोटक की सबसे बड़ी जब्ती मानी जा रही है।
कैसे खुला नेटवर्क का पर्दाफाश
डॉ. आदिल राथर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों की गहराई से जांच शुरू की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह आतंकी संगठनों से संपर्क में था और हथियारों की सप्लाई चेन में शामिल था। राथर ने फरीदाबाद और कश्मीर के बीच सक्रिय एक नेटवर्क के बारे में बताया जो विस्फोटक सामग्री और हथियारों के भंडारण और परिवहन में लगा हुआ था।
एक और डॉक्टर की भूमिका पर संदेह
जांच में एक और नाम सामने आया है। डॉ. मुमजिल शकील, जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के कोइल इलाके का निवासी है। पुलिस को संदेह है कि डॉ. शकील ने फरीदाबाद में हथियारों और विस्फोटकों को छिपाने और सुरक्षित रखने में सहयोग किया। दोनों डॉक्टरों को अब जम्मू-कश्मीर लाया गया है, जहां उनसे आतंकी नेटवर्क की गहराई तक पूछताछ की जा रही है।
आतंकी साजिश पर एजेंसियों की कड़ी नजर
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क कश्मीर से बाहर आतंकी गतिविधियों को फैलाने की कोशिश कर रहा था।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के संपर्क पाकिस्तान या किसी अन्य विदेशी हैंडलर से तो नहीं हैं।