CM Nayab Singh Saini :(कुरुक्षेत्र): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के लोहार माजरा में स्थित सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय की 25वीं वर्षगांठ पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम सैनी ने कहा कि “जब बेटियां पढ़ती हैं तो पूरा परिवार, पूरा समाज और पूरा देश आगे बढ़ता है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है। इस संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को एक क्रांतिकारी कदम बताया।
21 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने इस संस्था को उसके 25 वर्षों के संघर्ष, समर्पण और सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह कॉलेज न केवल लोहार माजरा बल्कि आसपास के जिलों की बेटियों के लिए शिक्षा और सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस महाविद्यालय की स्थापना के समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह संस्था इतनी उन्नति करेगी और हजारों बेटियों के भविष्य का आधार बनेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय को 21 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की, जिससे संस्था को और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाती संस्थाएं
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान देश में शिक्षा और लैंगिक समानता को बढ़ावा दे रहा है। इस अभियान की भावना को समझते हुए, संस्थाएं जैसे कि सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही समाज का आधार है और बेटियों की शिक्षा से ही एक समृद्ध और मजबूत राष्ट्र बनता है।
समाज और शिक्षा में बेटियों की भूमिका
सीएम सैनी ने आगे कहा कि बेटियां जब शिक्षित होती हैं, तो वे न केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाती हैं बल्कि पूरे समाज और देश की प्रगति में योगदान देती हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस मिशन को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करें।
प्रेरणा स्रोत ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी
जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने परम पूज्य ब्रह्मलीन देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय मोहन लाल लोहिया ने अपने पिता की याद में इस कॉलेज की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि उस समय गांवों में बेटियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता बहुत कम थी, लेकिन इस कॉलेज ने इस दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है।ब्रह्मचारी ने कहा कि यह कॉलेज आसपास के ग्रामीण इलाकों की हजारों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बन चुका है और निरंतर प्रगति कर रहा है।