Ashwini Vaishnav station inspection: (नई दिल्ली): रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षास्थल का दौरा किया और कहा कि भारतीय रेलवे के लिए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि रेलवे निम्न और मध्यम वर्ग के नागरिकों के लिए जीवन रेखा है, इसलिए उनके अनुभव को बेहतर बनाना सरकार का दायित्व है।
7000 यात्रियों की क्षमता वाला स्थायी प्रतीक्षास्थल
नई दिल्ली स्टेशन पर तैयार किया गया यह प्रतीक्षास्थल किसी भी समय लगभग 7,000 यात्रियों को समायोजित करने में सक्षम है। इसे तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है 2860 वर्ग मीटर में टिकटिंग क्षेत्र, 1,218 वर्ग मीटर में प्री-टिकटिंग क्षेत्र और 1,150 वर्ग मीटर में पोस्ट-टिकटिंग क्षेत्र। रेल मंत्री ने बताया कि यह केंद्र त्योहारों और भीड़भाड़ वाले समय में यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है।
2025 की भगदड़ के बाद उठाया गया कदम
15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद रेलवे मंत्रालय ने पांच प्रमुख स्टेशनों पर स्थायी प्रतीक्षास्थल विकसित करने का निर्णय लिया था। इनमें नई दिल्ली के अलावा आनंद विहार, गाजियाबाद, वाराणसी और अयोध्या स्टेशन शामिल हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे 55 अन्य स्टेशनों पर भी ऐसे होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।
यात्री सुविधाओं में आधुनिक बदलाव
बता दें कि नई सुविधा केंद्र में 22 आधुनिक टिकट काउंटर, 25 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें RO-आधारित पेयजल व्यवस्था और 652 वर्ग मीटर क्षेत्र में बना समर्पित शौचालय ब्लॉक शामिल है। इसका उद्देश्य भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों को स्वच्छता और सुविधा दोनों प्रदान करना है।
त्योहारी सीजन में 12,000 से अधिक ट्रेनें चलेंगी
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान रिकॉर्ड संख्या में ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कुल 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालन में रहेंगी, जिनमें से 10,700 ट्रेनों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसके अलावा 150 अनारक्षित ट्रेनें 2,000 फेरे लगाने की क्षमता के साथ तैयार रखी गई हैं।
रेलवे के बुनियादी ढांचे और भर्तियों में तेजी
मंत्री ने बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अब तक 34,000 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई जा चुकी है। हर दूसरी या तीसरी कैबिनेट बैठक में नई रेल परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में 1.3 लाख से अधिक उम्मीदवार रेलवे में शामिल हो रहे हैं और हाल ही में 18,000 सहायक लोको पायलटों की भर्ती की गई है।