(पंचकूला): पंचकूला में सैनी ने खेल महाकुंभ के दूसरे चरण का भव्य शुभारंभ किया मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि यह केवल खेल नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं के सपनों की उड़ान है।
पेरिस पैरालंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों ने आठ पदक जीते हैं, जिन्हें कुल 42 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के कोचों को भी 3 करोड़ 56 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। खेल महाकुंभ के दूसरे चरण में 9 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा सेवा पखवाड़ा के तहत खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।
भविष्य की योजनाएं और ओलंपिक की तैयारी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 2036 में भारत में आयोजित ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ी पदक जीतेंगे। अखाड़ा, दंगल, एथलीट और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हरियाणा को विश्व की खेल राजधानी बनाने के प्रयास जारी हैं। सीएम सैनी ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को उभारने के लिए खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। फिलहाल प्रदेश में 10,479 खेल नर्सरियां हैं, जहां 47 हजार से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 550 नए पद बनाए गए हैं और 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अब तक खिलाड़ियों को 641 करोड़ रुपये की सहायता मिली है। 2014 से 2025 तक 24 हजार से अधिक छात्राओं को 69 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति दी गई है। 15,634 खिलाड़ियों को खेल निधि और उपकरण भी प्रदान किए गए हैं।
युवाओं को नशे से दूर रखना
उन्होंने बताया युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सरकार ने विभिन्न योजनाएं बनाई हैं जिससे युवाओं का खेलों में रुचि बढ़े और वे स्वस्थ जीवन जी सकें। सीएम सैनी ने बताया कि बिना किसी पर्ची या खर्च के अब तक 1,80,000 युवाओं को नौकरी दी गई है। खेल महाकुंभ खेलों के एक नए युग की शुरुआत करेगा और युवाओं को प्रोत्साहित करेगा।