कुरुक्षेत्र में CM सैनी ने नमो युवा रन को दिखाई हरी झंडी, युवाओं को दिया नशा मुक्त और फिटनेस का संदेश”

Youth Marathon in Haryana (कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित ‘नमो युवा रन (मैराथन)’ में युवाओं के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और देशभक्ति का संदेश दिया। यह आयोजन युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा देशभर के 75 जिलों में किया गया। हरियाणा से इसमें केवल कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम को शामिल किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत द्रोणाचार्य स्टेडियम से हुई, जहां मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं भी युवाओं के साथ दौड़े। इस दौरान सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।

सेवा पखवाड़ा के तहत मैराथन

नेताओं ने दौड़ में भाग ले रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन पर फूलों की वर्षा की। इस आयोजन ने माहौल को जोश और उमंग से भर दिया। यह कार्यक्रम 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर समाप्त होगा। यह मैराथन सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित की गई है।

युवाओं की भूमिका पर दिया बल

मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा हमारे युवाओं को राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे परिवारवाद और वंशवाद खत्म होगा और लोकतंत्र मजबूत होगा। सीएम ने कहा कि आज तकनीकी विकास ने जीवन को सरल बना दिया है और युवा इससे लाभ उठाकर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कौशल विकास को भी समय की जरूरत बताया और कहा कि सरकार इस पर काम कर रही है।

फिटनेस से नशे के खिलाफ लड़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा स्वस्थ रहें, इसके लिए सरकार उन्हें मैराथन और साइक्लोथॉन जैसे आयोजनों से जोड़ रही है। उन्होंने कहा “नशे से लड़ने के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *