PM मोदी ने मिजोरम को दी ऐतिहासिक सौगात, पहली रेल लाइन का किया उद्घाटन

PM Modi gave historic gift to Mizoram: आइजोल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम के लोगों को एक ऐतिहासिक तोहफा देते हुए राज्य की पहली रेल लाइन का उद्घाटन किया और सैरंग (आइजोल) से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल को जोड़ने वाली राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग 8,070 करोड़ रुपये की लागत वाली बैराबी-सैरंग रेल लाइन का लोकार्पण किया, जिसे भारतीय रेलवे के इतिहास की सबसे चुनौतीपूर्ण परियोजनाओं में से एक माना जाता है।

राजधानी एक्सप्रेस समेत 3 नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर मिजोरम से चलने वाली तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें सैरंग-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सैरंग-गुवाहाटी एक्सप्रेस और सैरंग-कोलकाता एक्सप्रेस शामिल हैं। इस ऐतिहासिक रेल संपर्क से मिजोरम की जनता को पहली बार देश के अन्य हिस्सों से सीधा और सुविधाजनक रेल जुड़ाव प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इससे सुरक्षित, सस्ती और तेज़ यात्रा के साथ-साथ खाद्यान्न, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी।

रेलवे इतिहास की एक अनोखी उपलब्धि

इस परियोजना को वर्ष 2008-09 में स्वीकृति मिली थी और 2015 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रेल मार्ग में 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल, 87 छोटे पुल, पांच सड़क ओवरब्रिज और छह अंडरपास शामिल हैं। खास बात यह है कि सैरंग के पास बना एक पुल 114 मीटर ऊंचा है, जो कुतुब मीनार से भी ऊंचा है और देश का खंभों पर बना सबसे ऊंचा रेल पुल है। इस रेल मार्ग पर बैराबी के अलावा होरटोकी, कावनपुई, मुआलखांग और सैरंग जैसे चार अन्य मुख्य स्टेशन हैं।

आइजोल बाईपास सड़क की रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास पहल (पीएम-देवाइन) योजना के तहत 500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 45 किलोमीटर लंबी आइजोल बाईपास सड़क की आधारशिला भी रखी। इस सड़क से आइजोल शहर की भीड़भाड़ कम होगी और लुंगलेई, सियाहा, लॉन्गतलाई, लेंगपुई एयरपोर्ट और सैरंग रेलवे स्टेशन से संपर्क बेहतर होगा।

इसके साथ ही सेरछिप जिले में पूर्वोत्तर विशेष अवसंरचना विकास योजना के अंतर्गत खानकॉन-रोंगुरा सड़क परियोजना की शुरुआत की गई, जिससे किसानों को बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी। इस क्षेत्र में अदरक प्रसंस्करण संयंत्र को भी लाभ मिलेगा। लॉन्गतलाई-सियाहा रोड पर छिमटुईपुई पुल का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया है, जिससे आवाजाही और व्यापार में सुगमता आएगी।

इनडोर हॉल और एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत एक बहुउद्देशीय इनडोर हॉल की भी आधारशिला रखी, जो स्थानीय युवाओं को खेलों में प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करेगा। साथ ही आइजोल के मुआलखांग में एक एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की नींव रखी गई, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रसोई गैस की आपूर्ति सुलभ और नियमित हो सकेगी।

शिक्षा क्षेत्र में भी बड़ा निवेश

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कावर्था में एक आवासीय विद्यालय और तलंगनुआम में एक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया। इन विद्यालयों से विशेष रूप से जनजातीय और ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मिजोरम की यह बहुप्रतीक्षित रेलवे सेवा राज्य की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करती है और यह पूर्वोत्तर को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के विकास को केंद्र सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और यह क्षेत्र देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *