UPI Transactions (नई दिल्ली): भारत में डिजिटल भुगतान का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन चुका यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2025 में यूपीआई लेनदेन की संख्या पहली बार 20 अरब को पार कर गई। इस दौरान मूल्य के आधार पर 24.85 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन दर्ज किए गए, जो डिजिटल अर्थव्यवस्था में बढ़ते भरोसे और उपयोगकर्ताओं की संख्या में इजाफे का स्पष्ट संकेत है।
लेनदेन की मात्रा में 34% की सालाना बढ़त
एनपीसीआई के मुताबिक अगस्त 2024 में जहां 14.9 अरब यूपीआई ट्रांजैक्शन हुए थे, वहीं अगस्त 2025 में यह संख्या 20.01 अरब तक पहुंच गई। यानी सालाना आधार पर 34% की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं लेनदेन के मूल्य में भी 21% की साल-दर-साल वृद्धि हुई है। अगस्त 2024 में यूपीआई के माध्यम से 20.60 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए थे, जो इस साल अगस्त में बढ़कर 24.85 लाख करोड़ रुपये हो गए।
औसतन हर दिन 64.5 करोड़ लेनदेन
एनपीसीआई के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2025 में औसत दैनिक यूपीआई लेनदेन संख्या 64.5 करोड़ रही। वहीं औसतन हर दिन 80,177 करोड़ रुपये का भुगतान यूपीआई के जरिये किया गया। हालांकि मूल्य के लिहाज से अब तक का उच्चतम आंकड़ा मई 2025 में दर्ज किया गया था, जब यूपीआई के माध्यम से 25.14 लाख करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ था।
जुलाई की तुलना में लेनदेन में मामूली गिरावट
जुलाई 2025 में कुल 25.08 लाख करोड़ रुपये के यूपीआई ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए थे, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा थोड़ा घटकर 24.85 लाख करोड़ रुपये रहा। हालांकि लेनदेन की संख्या जुलाई में 19.47 अरब थी, जो अगस्त में बढ़कर 20.01 अरब हो गई। यानी वॉल्यूम में बढ़ोतरी, लेकिन मूल्य में हल्की गिरावट।