वैष्णो देवी भूस्खलन में अब तक गई 32 की जान, राहत सामग्री लेकर पहुंचा भारतीय वायुसेना का C-130 विमान

landslides

Vaishno Devi landslide: जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी तीर्थ मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास हुए भयानक भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य में तेजी लाते हुए भारतीय वायुसेना का एक C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान बुधवार को जम्मू पहुंचा। यह विमान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों और राहत सामग्री को लेकर हिंडन एयरबेस (गाजियाबाद) से रवाना हुआ था। इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब 32 पहुंच गई है।

वायुसेना के हेलीकॉप्टर भी तैयार

सूत्रों के अनुसार भारतीय वायुसेना ने Chinook और Mi-17 V5 जैसे सुविधायुक्त हेलीकॉप्टरों को जम्मू, उधमपुर, श्रीनगर और पठानकोट के वायुसेना अड्डों पर सतर्क स्थिति में तैनात किया है। आवश्यकता पड़ने पर ये हेलीकॉप्टर बचाव और आपूर्ति कार्य के लिए तुरंत रवाना किए जा सकते हैं।

राहत और बचाव कार्य जारी

अर्धकुंवारी के पास मंगलवार को हुए इस भूस्खलन की चपेट में आए कई श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं। बचाव कार्य अब भी जारी है। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर एनडीआरएफ की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगी हैं।

अब तक 32 की मौत, 20 घायल

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में चौथे दिन भी भारी बारिश जारी है, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाओं में वृद्धि हुई है और राहत कार्यों में बाधा भी आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *