नोएडा दहेज हत्या मामले में नया मोड़, निक्की की भाभी मीनाक्षी ने परिवार पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप

Nikki Bhati death Case(नोएडा): ग्रेटर नोएडा के दहेज हत्या कांड में नया मोड़ सामने आया है। निक्की भाटी की भाभी मीनाक्षी ने आरोप लगाया है कि निक्की के परिवार वालों ने शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया और मारपीट की। मीनाक्षी ने बताया कि उनकी शादी निक्की के बड़े भाई रोहित से 2016 में हुई थी, लेकिन वे ससुराल में कभी चैन से नहीं रह सकीं। उनका आरोप है कि रोहित, उसकी मां, और दोनों ननदें निक्की व कंचन उसके साथ मारपीट करते थे और उसे फोन रखने या बात करने की इजाजत नहीं थी।

क्या कहा निक्की की भाभी मीनाक्षी नें

मीनाक्षी ने कहा, “मैंने सिर्फ छह महीने ही ससुराल में गुजारे, फिर मायके लौट आई। मुझे वहां बार-बार पीटा जाता था और दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था। मेरे पिता ने शादी के समय एक कार और सोना दिया था, लेकिन वे नाकाफी समझते थे और अतिरिक्त स्कॉर्पियो कार और पैसे की मांग करते थे।” मीनाक्षी के अनुसार दोनों ननदें उसे ताने देती थीं और कहती थीं कि रोहित उसे पसंद नहीं करता और वे उसकी दूसरी शादी करवा देंगे।

साल 2020 में मीनाक्षी के परिवार ने रोहित और उसके खिलाफ एक मामला भी दर्ज कराया था, जिसमें एक गांव पंचायत ने शादी पर खर्च किए गए 35 लाख रुपये वापस करने का सुझाव दिया था ताकि मीनाक्षी की दूसरी शादी हो सके। मीनाक्षी की मां ने भी इस बात की पुष्टि की कि उनका परिवार मीनाक्षी के साथ हुए उत्पीड़न से दुखी था, लेकिन समाज के दबाव के कारण वे चुप थे।

निकी भाटी की मौत 21 अगस्त को सिरसा गांव में हुई थी, जब उसे गंभीर रूप से जलती हुई हालत में पाया गया था। बाद में दिल्ली के अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस मामले में निक्की के पति विपिन भाटी, उसके माता-पिता सतवीर और दया, और भाई रोहित भाटी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, विपिन ने 24 अगस्त को हिरासत से भागने की कोशिश की थी, जिसके दौरान उसे पैर में गोली लगी।

दहेज के लिए उत्पीड़न की दर्ज कराई है शिकायत

निक्की की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि परिवार ने लगातार दहेज के लिए उत्पीड़न किया, निक्की को मारा, और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। कंचन ने बताया कि शादी के समय स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और गहने तो दिए गए, लेकिन इसके बाद 36 लाख रुपये और एक लग्जरी कार की मांग की गई।

परिस्थितियों पर उठ रहे हैं सवाल

पुलिस ने निक्की के कमरे से ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया है जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। नए वीडियो क्लिप भी मिले हैं, जिनमें एक वीडियो में एक आवाज सुनाई देती है, “ये क्या कर लिया?” इससे घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कई वीडियो फुटेज भी जुटा रही है।

पुलिस कंचन के बयान की पुनः जांच करेगी, जो इस घटना का वीडियो बनाने और प्राथमिकी दर्ज कराने वाली मुख्य गवाह हैं। जिस निजी अस्पताल में निक्की को भर्ती कराया गया था, वहां एक ज्ञापन में कहा गया कि निक्की गैस सिलेंडर विस्फोट में झुलस गई थी, जबकि विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र का कहना है कि निक्की बार-बार पानी मांग रही थी और उसे घुटन महसूस हो रही थी।

क्या है निकी परिवार ने की सख्त सजा की मांग

निकी और कंचन के पिता भिखारी सिंह ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटियों की सोशल मीडिया गतिविधियां इस घटना का कारण नहीं थीं। उन्होंने बताया कि वे अपनी बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ब्यूटी पार्लर भी चलाते थे।

पुलिस ने दोनों परिवारों के लगभग बारह बयानों को दर्ज किया है और कई सुरागों की जांच कर रही है। जांच में विपिन के घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज भी शामिल हैं। पुलिस विपिन के खिलाफ पिछले साल दर्ज एक अलग हमले के मामले की भी जांच कर रही है।

इस बीच, निक्की के परिवार ने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला से मुलाकात की और फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाने की मांग की। डॉ. मीनाक्षी ने कहा कि यह एक गंभीर और दुखद घटना है, और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा, “पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *