सीएम सैनी ने 67 गौशालाओं को दिया तोहफा, 7 करोड़ 2 लाख चारा अनुदान राशि के सौंपे चेक

CM Nayab Singh Saini: (फतेहाबाद): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और गौ संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। गौशालाओं को चारे के लिए वित्तीय अनुदान देने से लेकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तक अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को फतेहाबाद जिले के श्री कृष्ण गौशाला, बड़ोपल में आयोजित चारा अनुदान वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 67 गौशालाओं को 7 करोड़ 2 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि के चेक सौंपे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में प्रदेश की 605 गौशालाओं को कुल 88 करोड़ 50 लाख रुपये का चारा अनुदान दिया जा रहा है।

आत्मनिर्भर गौशालाओं की दिशा में कदम

सीएम सैनी ने कहा कि गौशालाओं को केवल आर्थिक मदद देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए मशीनरी खरीद में भी सहयोग किया जा रहा है। पंचगव्य उत्पादन के लिए 101 गौशालाओं को 6 करोड़ 50 लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 358.50 करोड़ रुपये की चारा अनुदान राशि दी जा चुकी है। साथ ही, 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाए जा चुके हैं और शेष में जल्द काम शुरू होगा। सरकार द्वारा 800 ई-रिक्शा गौशालाओं को देने की प्रक्रिया भी जारी है।

राजेंद्रानंद महाराज को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजेंद्रानंद महाराज को श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।बड़ोपल गांव के विकास के लिए ₹21 लाख रुपये की घोषणा करते हुए सीएम ने वहां के वन्य जीव उपचार केंद्र का नाम राजेंद्रानंद महाराज के नाम पर रखने की घोषणा की। साथ ही, फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 6 विकास संबंधी मांगों को फिजिबिलिटी जांच के बाद पूरा करने का आश्वासन दिया।

गौ संरक्षण में बढ़ा बजट और सुविधाएं

सीएम सैनी ने कहा कि 2014 तक हरियाणा में सिर्फ 215 पंजीकृत गौशालाएं थीं, जहां 1.75 लाख गौवंश थे। अब यह संख्या बढ़कर 686 गौशालाओं और 4 लाख बेसहारा गौवंश तक पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि गौ सेवा आयोग का बजट 2014-15 में 2 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 595 करोड़ रुपये हो चुका है। 200 गौशालाओं को शैड निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है, जिनमें से 51 में कार्य पूरा हो चुका है।

किसानों और पर्यावरण के लिए भी प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में हरियाणा अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि 2004 से 2014 तक किसानों को फसल खराब होने पर सिर्फ 1155 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला था, जबकि उनकी सरकार ने 2014 से 2025 तक ₹15,500 करोड़ मुआवजे के रूप में दिए हैं। फतेहाबाद क्षेत्र के जलभराव और सेम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य शुरू हो चुका है और हरेडा को सोलर पंपों की क्षमता जांचने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

गाय हमारी संस्कृति का हिस्सा

समारोह में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। देसी गाय के दूध में औषधीय गुण होते हैं और पंचगव्य के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ भी संभव है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जन-जागरण और गौ सेवा की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि हुए शामिल

इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, तथा हरियाणा अनुसूचित आयोग के चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौशाला को 11-11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *