एक और अहमदाबाद जैसा एयर इंडिया हादसा होने से बचा, विमान में बैठे नेता ने कहा-“हम थे त्रासदी के करीब”

airindia

Air India Plane Diverted: तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का विमान एक बार फिर अहमदाबाद जैसा हादसा दोहराने से बच गया। इस विमान में सवार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संसद की लोक लेखा समिति (PAC) के अध्यक्ष के. सी. वेणुगोपाल ने दावा किया कि “हम एक और त्रासदी के बेहद करीब थे।” उन्होंने बताया कि विमान में कई अन्य सांसद भी मौजूद थे। सभी एक बड़ी त्रासदी के करीब पहुंच गए थे। मगर भगवान का शुक्र है कि हादसा टल गया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।

चेन्नई डायवर्ट हुआ विमान

विवाद में आई उड़ान संख्या AI2455, एक एयरबस A320 विमान थी, जो रविवार शाम तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्रियों को अभूतपूर्व टर्बुलेंस (वायुगतिकीय झटकों) का सामना करना पड़ा। एक घंटे बाद पायलट ने तकनीकी खराबी की जानकारी दी और विमान को एहतियातन चेन्नई की ओर मोड़ दिया गया।

2 घंटे टर्बुलेंस झेलते हवा में चक्कर काटता रहा विमान

वेणुगोपाल के अनुसार चेन्नई पहुंचने से पहले विमान करीब दो घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा, क्योंकि उसे उतरने की अनुमति नहीं मिली थी। पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान, कथित रूप से रनवे पर दूसरे विमान की मौजूदगी के कारण विमान को अचानक ऊपर उठाया गया, जिसे उन्होंने “दिल दहला देने वाला क्षण” बताया। उन्होंने कहा, “पायलट की सूझबूझ और किस्मत से हम सभी की जान बची। लेकिन यात्रियों की सुरक्षा किस्मत के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।” उन्होंने इस घटना की जांच की मांग करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA से जवाबदेही तय करने की अपील की।

एअर इंडिया का बयान

एअर इंडिया ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उड़ान का रूट तकनीकी खराबी और खराब मौसम की वजह से बदला गया था और चेन्नई ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) ने ही “गो-अराउंड” (उड़ान पुनः भरने) का निर्देश दिया था रनवे पर कोई अन्य विमान मौजूद नहीं था। कंपनी ने कहा, “हमारे पायलट इस प्रकार की परिस्थितियों के लिए अच्छी तरह से प्रशिक्षित हैं और उन्होंने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया। सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है।”

रात 8 बजे भरी थी उड़ान

फ्लाइटरडार24 के अनुसार, AI2455 ने रविवार रात 8 बजे के बाद तिरुवनंतपुरम से उड़ान भरी और करीब रात 10:35 बजे चेन्नई पहुंची। चेन्नई में विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, विमान में मौजूद यात्रियों की संख्या की जानकारी उपलब्ध नहीं है। गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में एअर इंडिया के कई विमानों में तकनीकी खामियों की खबरें सामने आई हैं, जिससे इसकी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *