उत्तरकाशी आपदा: मुख्यमंत्री धामी पहुंचे धराली, प्रभावित परिवारों को दी सहायता का भरोसा

Uttarkashi Disaster: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी जिले के धराली गांव का दौरा किया, जहां मंगलवार को बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने धराली में प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

सीएम धामी ने फेसबुक पर किया पोस्ट

धराली (उत्तरकाशी) में आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और संकट की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस आपदा ने कई परिवारों को बहुत दुख पहुंचाया है, हम उनका दर्द समझते हैं। हमारी सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आगे लिखा,आपदा प्रबंधन और राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता हर लापता व्यक्ति की तलाश करना और प्रभावित परिवारों को पूरी सहायता प्रदान करना है।”

हवाई सर्वेक्षण और नियंत्रण कक्ष की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने धराली पहुंचने से पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और उत्तरकाशी स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से राहत प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई लापरवाही न हो और सभी प्रभावितों को तुरंत सहायता मिले। बुधवार को धराली से एक शव बरामद किया गया, जबकि करीब 150 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के चलते राहत कार्यों में कई बाधाएं आ रही हैं, लेकिन प्रशासन और बचाव टीमें लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

प्रशासन ने बताया कि लापता व्यक्तियों में केरल से आए 28 पर्यटकों का एक समूह भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित क्षेत्रों में सहायता तेजी से पहुंचे और हर प्रभावित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *