खट्टर ने किया चुनाव में धांधली के आरोपों पर पलटवार, कहा-राहुल गांधी के पास सबूत हैं तो जाएं चुनाव आयोग

मनोहर लाल खट्टर

ML Khattar n Rahul Gandhi (गुरुग्राम): केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव में धांधली के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा लोकसभा चुनावों में धांधली के आरोप लगाए गए थे। इस पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास इस बारे में कोई पुख्ता सबूत हैं, तो उन्हें निर्वाचन आयोग के पास जाकर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि सार्वजनिक मंचों से बिना प्रमाण आरोप लगाने चाहिए।

चुनाव से जुड़े मामलों के देखने के लिए आयोग है संवैधानिक संस्था

खट्टर ने कहा, “चुनाव से जुड़े मामलों को देखने के लिए एक संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग है। राहुल गांधी चाहें तो वहां जाकर अपने तथाकथित सबूत पेश कर सकते हैं। इसके लिए एक निर्धारित प्रक्रिया है, जिसका पालन हर नागरिक को करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की यह रणनीति नई नहीं है। “उन्होंने यही बात 2019 में भी कही थी और अब 2029 में फिर कहेंगे। हर चुनाव के बाद जब कांग्रेस हारती है, तो वे ईवीएम, चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं।”

एटम बम वाले सुबूत पर किया कटाक्ष

मनोहर लाल खट्टर ने राहुल गांधी की ओर से दिए गए “एटम बम जैसे सबूत” के बयान पर भी अप्रत्यक्ष कटाक्ष किया और कहा कि बिना प्रमाण के ऐसे गंभीर आरोप लगाना लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी है और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाएं निष्पक्ष रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता बार-बार कांग्रेस को नकार चुकी है और भारत की जनता अब जागरूक है।

ऐसे में इस तरह की बयानबाज़ी केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि 2024 के लोकसभा चुनावों में “वोट चोरी” हुई है, और उनके पास इसके इतने ठोस सबूत हैं कि वे अगर उजागर हों तो निर्वाचन आयोग को “छिपने की जगह” नहीं मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *