CM Saini listened Mann Ki Baat: (पंचकूला): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 124वीं कड़ी को सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए न सिर्फ जानकारी देने वाला है बल्कि लगातार प्रेरणा भी देता है।
‘नेशनल हैंडलूम डे’ का किया जिक्र
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 7 अगस्त, 1905 को स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी। उसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में भारत सरकार हर साल 7 अगस्त को ‘’नेशनल हैंडलूम डे’’ के रूप में मनाती है। उन्होंने बताया कि यह दिन देश के परंपरागत हथकरघा उद्योग और कारीगरों के योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
स्वदेशी और खादी को मिला बढ़ावा
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत अभियानों ने खादी व स्वदेशी उत्पादों को नई ऊर्जा दी है। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को लाभ हुआ है, बल्कि इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की आय में भी निरंतर वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित पूरे देश में स्वदेशी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद
कार्यक्रम के दौरान सीएम सैनी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ को ध्यान से सुना और चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद आम नागरिकों से जुड़ाव का एक प्रभावी माध्यम है, जो जनता को देशहित में छोटे-छोटे प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है।