PM Modi UK visit: (लंदन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के नॉरफॉक में सैंड्रिंगम एस्टेट में महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ मुलाकात के दौरान उन्हें “एक पेड़ मां के नाम” पर्यावरण पहल के तहत एक पौधा भेंट किया । यह पहल नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करती है।
भारत-ब्रिटेन संबंधों पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस मुलाकात में दोनों पक्षों ने भारत-ब्रिटेन के व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) समेत ‘विज़न 2035’ के तहत व्यापार और निवेश की प्रगति पर चर्चा की। साथ ही योग और आयुर्वेद जैसे पारंपरिक स्वास्थ्य पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ शानदार बैठक हुई। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण और पर्यावरण संरक्षण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।”
पर्यावरण पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा भेंट किया गया पौधा शाही स्थल पर पौधारोपण के मौसम में लगाया जाएगा। यह पहल लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करती है। बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा, “महाराजा चार्ल्स तृतीय ने सैंड्रिंगम हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। मोदी द्वारा शुरू की गई ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से प्रेरित होकर वसंत ऋतु में लगाया जाने वाला यह पौधा भेंट किया गया।”
पौधे की क्या है खासियत
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह पौधा डेविडिया इनवोलुक्रेटा ‘सोनोमा’ प्रजाति का है, जिसे ‘सोनोमा डव ट्री’ के नाम से जाना जाता है। यह एक सजावटी पेड़ है जो कम समय में फूल देता है। पारंपरिक डेविडिया प्रजाति की तुलना में ‘सोनोमा’ जल्दी विकसित होता है और इसे लगाए जाने के दो-तीन वर्षों में फूल खिलने लगते हैं।