PM Modi foreign visit:(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार से ब्रिटेन और मालदीव की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरे का उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा और समुद्री सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत के द्विपक्षीय रिश्तों को और सुदृढ़ करना है। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी 23 जुलाई को लंदन पहुंचेंगे, जहां वह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कैर स्टॉर्मर के साथ मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही, वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
यह मोदी की ब्रिटेन की चौथी यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की महाराजा चार्ल्स तृतीय से भेंट की भी संभावना है। दोनों देशों के बीच व्यापार, नवाचार, जलवायु, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तृत वार्ता होने की उम्मीद है।
मालदीव की स्वतंत्रता दिवस पर होंगे मुख्य अतिथि
ब्रिटेन यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 25 जुलाई को मालदीव जाएंगे। वह राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर 25 से 26 जुलाई तक मालदीव की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। मोदी 26 जुलाई को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच ‘व्यापक आर्थिक एवं समुद्री सुरक्षा साझेदारी’ के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यह साझा दृष्टिकोण अक्टूबर 2024 में राष्ट्रपति मुइज्जू की भारत यात्रा के दौरान तय किया गया था।
‘पड़ोसी पहले’ नीति को मिलेगी मजबूती
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और ‘विजन महासागर’ के तहत समुद्री पड़ोसियों के साथ सहयोग को बढ़ाने का प्रतीक है। मालदीव, हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक अहम रणनीतिक साझेदार है। यह दौरा दोनों देशों के बीच राजनीतिक विश्वास को और मजबूत करने के साथ-साथ व्यापारिक, सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के साझा लक्ष्यों को भी आगे बढ़ाएगा।