Bihar Assembly Election (पटना): बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की पहचान करने और शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-4 के आयोजन की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने का निर्देश दिया है। इससे विपक्ष चारों खाने चित्त नजर आ रहा है।
कितने पद हैं खाली
टीआरई-1 और टीआरई-2 में 1.70 लाख तथा 70,000 शिक्षकों की नियुक्ति की गई, जबकि टीआरई-3 में 87,774 रिक्तियों के सापेक्ष 66,603 पद भरे जा सके। नीतीश कुमार ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ शिक्षा विभाग को सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की पहचान करने और जल्द से जल्द टीआरई-4 परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नियुक्त में महिलाओं को मिलेगा 35 फीसदी आरक्षण
राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा शुरू करने से पहले ही ऐलान किया था कि नियुक्तियों में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसका लाभ बिहार के निवासियों को ही मिलेगा।’’ शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार टीआरई-4 से 1.20 लाख से अधिक शिक्षक अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है और इस संबंध में अधिसूचना जल्द ही जारी की जाएगी। बिहार चुनाव में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया मुख्य मुद्दा था।