CM Saini Stringent response (चंडीगढ़), हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कर्ज लेने की नीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार जनता को लुभाने के लिए लगातार भारी-भरकम कर्ज ले रही है, लेकिन इसका बोझ अंततः आम जनता पर ही पड़ेगा।
“कर्ज लेकर सब्जबाग दिखा रही आप सरकार”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी “कर्ज लेने में माहिर” हो गई है और अब 1,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर लोगों को सब्जबाग दिखा रही है। जो भी कर्ज देने आ जाए, आप सरकार मना नहीं करती। लेकिन यह पैसा लौटाएगा कौन? केजरीवाल तो खुद पंजाब से किनारा कर चुके हैं, अब जनता को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
”कांग्रेस से भी बुरा है हाल”
सैनी ने आम आदमी पार्टी की तुलना कांग्रेस से करते हुए कहा कि पंजाब में आप सरकार कांग्रेस से भी खराब स्थिति में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जितना प्रदेश को पीछे धकेला था, केजरीवाल सरकार उससे कहीं अधिक नुकसान कर रही है कांग्रेस की सरकार में पीछे खींचने की राजनीति होती थी, लेकिन केजरीवाल उससे भी दो कदम आगे निकल गए हैं।”
हिसार एयरपोर्ट विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया
सैनी ने कांग्रेस सांसद जयप्रकाश द्वारा हिसार एयरपोर्ट को ‘एयर डोम’ कहे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘लंगड़े घोड़े’ और ‘बारात वाले घोड़े’ से कर के प्रदेश की राजनीति का अपमान किया है। कांग्रेस में आज तक कोई रेस का घोड़ा नहीं रहा। बारात वाले घोड़े लेकर आए, जनता ने उन्हें वापस लौटा दिया। राहुल गांधी को हरियाणा की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
”कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल”
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज भी विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता खुद एकमत नहीं हैं और राष्ट्रीय स्तर पर मंथन के बावजूद नेतृत्व संकट खत्म नहीं हो रहा। 55 साल तक कांग्रेस ने सिर्फ खुद को मजबूत किया, जनता के लिए कुछ नहीं किया। इतने साल में तो कोई रिटायर हो जाता है, लेकिन कांग्रेस की सोच आज भी पुरानी है। लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव पर बोलते हुए सैनी ने भरोसा जताया कि वहां भाजपा की जीत तय है। पंजाब की जनता अब सच्चाई को समझ रही है। लुधियाना में कमल जरूर खिलेगा।”