Delhi CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद बीजेपी ने विधायक दल के नेता का चयन करने के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को यह जिम्मेदारी सौंपी है। आज बीजेपी दिल्ली इकाई ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में 48 विधायक दिल्ली विधानसभा में अपना नेता चुनेंगे।
बीजेपी ने 5 फरवरी को हुए मतदान में आम आदमी पार्टी को हराकर सत्ता में वापसी की है। मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों की चर्चा हो रही है। जिनमें प्रमुख नाम प्रवेश वर्मा और रेखा गुप्ता है। बताया जा रहा है कि इन दोनों में भी रेखा गुप्ता का नाम आगे है। आरएसएस ने रेखा गुप्ता का नाम आगे बढ़ाया है। आज शाम सात बजे विधायक दल की बैठक में इसका ऐलान किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी दलित, पूर्वांचल और जाट का कॉम्बिनेशन बना सकती है। दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले ही साफ कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री निर्वाचित विधायकों में से होगा। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के नाम की भी घोषणा हो सकती है।
दिल्ली में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। यह समारोह रामलीला मैदान में आयोजित होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। सूत्रों के अनुसार, यह शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार दोपहर में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 50,000 लोग शामिल हो सकते हैं।
कुछ छुपे रुस्तम दावेदार
बता दें कि, कुछ पार्टी नेता मानते हैं कि दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की सार्वजनिक चर्चा हो रही है, उनके अलावा कुछ ऐसे नेता भी हो सकते हैं जो चुपके से इस दौड़ में शामिल हैं। इन संभावित नामों में बवाना से विधायक रवींद्र इंद्राज सिंह और मादीपुर सीट से हाल ही में चुनाव जीतने वाले कैलाश गंगवाल का नाम शामिल है।