Delhi Chunav 2025: राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले का वीडियो जारी कर कई आरोप लगाए हैं। बंगले को लेकर अब राजनीतिक विवाद बढ़ना शुरू हो गया है। आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह और कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज सीएम आवास पहुंचे हैं और उनके साथ मीडिया भी है।
पुलिस ने सीएम आवास के बाहर बेरिकेडिंग कर दी है और आवास के बाहर आप नेताओं समेत जनता को भी रोक लिया। पुलिस के बेरिकेडिंग करने के बाद विवाद बढ़ने लगा और आप नेताओं की पुलिस के साथ नोकझोंक हो गई। नोकझोंक के बाद आप नेता संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज धरने पर बैठ गए।
AAP नेताओं का कहना है कि बीजेपी कह रही है कि सीएम हाउस में लग्जरी सुविधाएं हैं। अगर वहां लग्जरी सुविधाएं हैं तो खोलकर दिखाया जाना चाहिए और हम लोग वो सुविधाएं देखने के लिए आए हैं। हम अपने साथ मीडियाकर्मियों को भी लेकर आए हैं जिससे पूरे देश के सामने सच्चाई आ सके। पुलिस ने सीएम हाउस के बाहर भीड़ को रोक लिया, जिसके बाद विवाद होने लगा।
आम आदमी पार्टी नेताओं का कहना है कि ऊपर से आदेश का हवाला देकर हमें रोका जा रहा है। इस दौरान आप नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। राज्यसभा सांसद संजय सिंह का कहना है कि हम लोकतांत्रिक देश में रहते हैं और हमारे के साथ पुलिस का यह व्यवहार ठीक नहीं है। हमारे साथ कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज हैं और उन्हें भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।
बीजेपी ने जारी किया वीडियो
मंत्री सौरभ भारद्वाज का कहना है कि बीजेपी नेता घबरा गए हैं और बता नहीं रहे हैं कि किसके आदेश पर सीएम आवास बंद किया गया है। पीडब्ल्यू विभाग ने बंगले को कब्जे में लिया है। सौरभ ने कहा कि, दिल्ली का चुनाव ही बंगले के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। दूसरी तरफ बीजेपी ने सीएम आवास का वीडियो जारी कर दावा किया है कि ये वीडियो बंगले के अंदर का है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि देश को केजरीवाल का शीशमहल देखना चाहिए।