Parliament Push Rahul Gandhi Anurag Thakur: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान आज सदन परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बीजेपी सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। जिसमें दो बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत चोटिल हो गए। दोनों घायल सांसदों का राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। धक्का-मुक्की को लेकर बीजेपी एमपी अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने संसद मार्ग थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।
बाबा साहेब आंबेडकर से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष और सत्तापक्ष के सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बीजेपी का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की, जिस वजह से उसके बुजुर्ग सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हुए। सारंगी को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी तरफ राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी सांसदों ने उन्हें और अन्य विपक्षी सदस्यों को संसद भवन में जाने से रोका और धक्का-मुक्की की।
हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज
बीजेपी सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमने राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है। हमने शिकायत में घटना का जिक्र किया, जो आज संसद परिसर में हुई। जहां एनडीए के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। हमने शिकायत में धारा 109, 115, 117, 125, 131, 117 और 351 का जिक्र किया है और साथ ही धारा 109 (हत्या की कोशिश) के तहत शिकायत दी है।
किस बात पर विवाद ?
दरअसल, गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर संसद के दोनों सदनों में बुधवार से गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस और विपक्षी दलों का आरोप है कि शाह ने भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा विषय पर राज्यसभा में दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को अपने संबोधन के दौरान बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया। दूसरी तरफ बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया और उन्हें चुनाव तक में हरवाया। इसके अलावा बाबा साहेब को भारत रत्न दिए जाने का विरोध किया।