Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र हंगामेदार बीत रहा है। शुरुआत से ही जॉर्ज सोरोस और गौतम अडानी का मुद्दा छाया हुआ है। दोनों को लेकर पक्ष और विपक्ष में तकरार जारी है। गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने जॉर्ज सोरोस और सोनिया गांधी के पोस्टर संसद परिसर में लहराए। पोस्टरों में लिखा था- ‘सोरोस से तेरा रिश्ता क्या, सोनिया जवाब दें। गिरिराज ने दूसरे हाथ में एक और पोस्टर लिया हुआ था। इसमें लिखा था- ये रिश्ता क्या कहलाता है।
संसद में हंगामे के बीच टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों नहीं चाहते हैं कि संसद चले। हम चाहते हैं कि सदन चले। पश्चिम बंगाल में बहुत सारे मुद्दे हैं। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल सरकार को फंड नहीं दे रही है। टीएमसी नेता ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पीएम मोदी के विकल्प के रूप में उभरेंगी। वह विपक्षी गठबंधन इंडिया का नेतृत्व करेंगी।
इससे पहले राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने जॉर्ज सोरोस के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। नड्डा ने कहा था कि सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है? यह देश की आंतरिक-बाहरी सुरक्षा से जुड़ा प्रश्न है। हम दो दिन से इस पक्ष को रख रहे हैं, लेकिन इससे ध्यान भटकाने का कुत्सित प्रयास करते हुए विपक्ष ने पीठ पर आक्षेप लगाया है। यह राष्ट्र का ध्यान बांटने की कोशिश है।
विपक्ष ने लगाए आरोप
बता दें कि, बुधवार को विपक्ष राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मीडिया से बातचीत करते हुए सभापति पर आरोप लगाए थे कि वह निष्पक्ष होकर सदन नहीं चला रहे हैं। सभापति कभी सरकार का गुणगान करते हैं तो कभी खुद को आरएसएस का एकलव्य बताते हैं। साल 1952 से अब तक के इतिहास में पहली बार किसी सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है।