Haryana Chunav 2024 PM Narendra Modi: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ज्ञान की भूमि कुरुक्षेत्र से चुनावी शंखनाद कर दिया है। प्रधानमंत्री ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी जीत की हैट्रिक लगाएगी। बीते 10 सालों के कार्यकाल में बीजेपी ने पूरे प्रदेश का समान रूप से विकास किया है। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए पीएम ने कहा कि हरियाणा ने कांग्रेस का शासन काल देखा है। कांग्रेस शासन में विकास एक जिले से बाहर नहीं आता था। बीजेपी ने हर वर्ग का हरियाणा एक हरियाणवी एक मानकर विकास किया है।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे हरियाणा की जनता पर भरोसा है। प्रदेश की जनता का प्यार और आशीर्वाद एक बार फिर से बीजेपी को मिलने जा रहा है। बीजेपी ने जो वादे किए है, बीजेपी ने बिना किसी संकोच से पूरे किए हैं। कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक और हिमाचल के किसानों का क्या हाल कर दिया। कांग्रेस किसानों के नाम पर अफवाह फैला रही है। हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में किसानों की फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है।
हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने ऐसा हाल कर दिया है कि वहां पर सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को सैलरी देने के पैसे तक नहीं है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होती जा रही है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के दौरान अब तक 1200 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। कर्नाटक में भ्रष्टाचार चरम पर है और किसानों की फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है।
देश को तोड़ना कांग्रेस का काम- पीएम मोदी
विपक्षी पार्टी को निशाने पर लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में धारा 370 वापस लाने का समर्थन करती है। कांग्रेस घाटी को एक बार फिर से अलगाववाद और हिंसा की ओर धकेलने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने का समर्थन करती है। मौजूदा कांग्रेस अब महात्मा गांधी के विचारों वाली कांग्रेस नहीं रही है। अब कांग्रेस पार्टी का काम सिर्फ देश को तोड़ने का काम है।
Read Also: http://Ind vs Pak Hockey: भारत ने फिर पाक को रौंदा, एशियन चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी में पांचवीं जीत